राजस्थान के बारां में ‘मिशन सामर्थ्य’ से ग्रामीण स्कूलों में पढ़ाई की आधुनिक व्यवस्था

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 03-09-2026
Mission Shakti in Baran, Rajasthan introduces modern education system in rural schools
Mission Shakti in Baran, Rajasthan introduces modern education system in rural schools

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 राजस्थान के बारां जिले में ग्रामीण इलाकों के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन और एनटीपीसी की संयुक्त पहल ‘मिशन सामर्थ्य-समर्थ युवा’ के तहत सरकारी स्कूलों में ‘स्मार्ट पढ़ाई’ की व्यवस्था शुरू की गई है।
 
इस कार्यक्रम के तहत बारां के सभी आठ ब्लॉकों के 12 उच्च माध्यमिक विद्यालयों को ‘सामर्थ्य केंद्र’ के रूप में विकसित करने के लिए चुना गया था। इनमें से 11 केंद्र फिलहाल काम कर रहे हैं और 15 अगस्त से यहां नियमित रूप से संवादात्मक शैक्षणिक कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।
 
बारां के जिलाधिकारी बालमुकुंद असावा के नेतृत्व में शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण विद्यार्थियों को शहरों जैसी शैक्षणिक सुविधाएं और मार्गदर्शन उनके अपने क्षेत्र में उपलब्ध कराना है।
 
इस व्यवस्था के तहत पुराने सिविल लाइन क्षेत्र में श्रीराम स्टेडियम के पास स्थित सरकारी बालिका विद्यालय में एक केंद्रीय नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। यहां से शिक्षक एक साथ जुड़े स्कूलों में सीधे ऑनलाइन कक्षाएं लेते हैं।