एमसीडी ने प्रदूषण-रोधी अभियान में कमियों पर जताई चिंता, सफाई अभियान चलाने का दिया निर्देश

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 28-10-2026
MCD expresses concern over shortcomings in anti-pollution drive, directs cleanliness drive
MCD expresses concern over shortcomings in anti-pollution drive, directs cleanliness drive

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए अपने क्षेत्रीय अधिकारियों को सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) संबंधी गतिविधियां तेज करने का निर्देश दिया है। यह पहल दिल्ली में 30 नवंबर तक चलने वाले विशेष स्वच्छता अभियान का हिस्सा है।
 
नगर निकाय ने 23 अक्टूबर को आदेश जारी कर सभी जोन को प्रत्येक शनिवार को व्यापक सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया था। इस अभियान के तहत चिह्नित स्थानों से निर्माण एवं तोड़फोड़ से निकलने वाले मलबे, कचरे और अन्य अपशिष्ट को हटाया जाएगा।
 
आदेश में प्रदूषण नियंत्रण संबंधी जागरूकता उपायों के क्रियान्वयन में कमियों का उल्लेख करते हुए कहा गया है, ‘‘जानकारी मिली है कि आईईसी गतिविधियां निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नहीं चलाई जा रही हैं।’’
 
अधिकारियों ने बताया कि 21 अक्टूबर से शुरू हुए इस विशेष अभियान का उद्देश्य त्योहारों के मौसम से पहले साफ-सफाई की व्यवस्था में सुधार करना, निर्माण कार्यों से निकले मलबे और नगरपालिका के ठोस कचरे का उचित निपटान सुनिश्चित करना तथा सार्वजनिक स्थलों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखना है।