बिहार विधानपरिषद चुनाव: जन सुराज ने खोला खाता, दरभंगा शिक्षक सीट पर सुरेश राय जीते

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 28-10-2026
Bihar Legislative Council Elections: Jan Suraj opens its account, Suresh Rai wins Darbhanga Teachers seat
Bihar Legislative Council Elections: Jan Suraj opens its account, Suresh Rai wins Darbhanga Teachers seat

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
बिहार विधानपरिषद चुनाव में जन सुराज पार्टी ने अपना खाता खोल लिया है तथा पार्टी प्रत्याशी सुरेश प्रसाद राय ने दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस के निवर्तमान एमएलसी (विधानपरिषद सदस्य) मदन मोहन झा को 324 मतों से पराजित कर दिया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार नरेंद्र प्रसाद सिंह ने मंगलवार को तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जीत दर्ज की थी। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय उम्मीदवार भूषण कुमार झा को हराया।
 
इसके अलावा, भाजपा के एनके यादव कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से विजयी घोषित किए गए।
 
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को विधानपरिषद के शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में जीत दर्ज करने वाले उम्मीदवारों को बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि निर्वाचित प्रतिनिधि शिक्षकों के कल्याण और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए काम करेंगे।
 
चौधरी ने ‘एक्स’ पर अलग-अलग संदेशों में भाजपा के नरेंद्र प्रसाद सिंह (तिरहुत) और एनके यादव (कोसी), जन सुराज के सुरेश प्रसाद राय (दरभंगा), निर्दलीय राहुल राज (सारण) तथा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के संजीव कुमार (पटना) को जीत की बधाई दी।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जीत शिक्षकों के विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्वाचित प्रतिनिधि शिक्षकों के हितों की रक्षा करने के साथ शिक्षा क्षेत्र के विकास में भी योगदान देंगे।