आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने समाजवादी पार्टी (सपा) के एक प्रवक्ता द्वारा ब्राह्मण समाज पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में सपा नेतृत्व की खामोशी पर सवाल उठाते हुए शुक्रवार को कहा कि इस चुप्पी से मामला और अधिक गंभीर होता जा रहा है।
मायावती ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘सपा के एक प्रमुख राष्ट्रीय प्रवक्ता द्वारा हाल में ब्राह्मण समाज को लेकर की गई अभद्र, अशोभनीय और आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर हर तरफ भारी आक्रोश है और उसकी तीव्र निंदा होना स्वाभाविक है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस विवाद के बाद पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किए जाने के बावजूद मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। संकीर्ण जातिवादी राजनीति करने वाली सपा के नेतृत्व की इस मुद्दे पर खामोशी से मामला और अधिक तूल पकड़ता जा रहा है। स्थिति भी तनावपूर्ण होती जा रही है।’’
बसपा प्रमुख ने कहा, ‘‘सपा प्रवक्ता के गैर-जिम्मेदाराना बयान से ब्राह्मण समाज के आदर-सम्मान और स्वाभिमान को ठेस पहुंची है। ऐसे में सपा मुखिया को इसका तत्काल संज्ञान लेते हुए ब्राह्मण समाज से माफी मांगनी चाहिए और पश्चाताप करना चाहिए।’’