Mandawar in Dausa received 107 mm of rain; monsoon to resume in Rajasthan from August 6
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राजस्थान के कुछ हिस्सों में मंगलवार सुबह तक बीते 24 घंटों में भारी बारिश हुई तथा दौसा जिले के मंडावर में सर्वाधिक 107 मिलीमीटर (मिमी) वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटे में दौसा, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, कोटा और सिरोही जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हुई।
जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वर्तमान में उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण तंत्र बना हुआ है।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को भरतपुर, जयपुर और बीकानेर संभागों के कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि भरतपुर संभाग के अलग-अलग इलाकों में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है।
शर्मा ने कहा कि पांच अगस्त को राज्य के उत्तर-पूर्वी और उत्तरी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार छह-सात अगस्त को पूर्वी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में एक नया चक्रवाती परिसंचरण तंत्र बनने की संभावना है, जिससे मानसून फिर सक्रिय होगा और राज्यभर में वर्षा गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी।
विभाग का कहना है कि सात से 10 अगस्त तक भरतपुर, कोटा, जयपुर और अजमेर संभागों में कई स्थानों पर मध्यम से भारी तथा कुछ स्थानों पर अति भारी वर्षा होने की संभावना है।
विभाग के मुताबिक अगले दो-तीन दिनों तक जोधपुर और बीकानेर संभागों के कुछ हिस्सों में वर्षा गतिविधियां अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना है, लेकिन सात एवं नौ अगस्त के बीच इनमें फिर तेजी आने के आसार हैं।