महिला कांग्रेस का अभियान, आरक्षण के लिए प्रधानमंत्री को पोस्ट कार्ड भेजेंगी 10 लाख महिलाएं

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 22-04-2026
Mahila Congress campaign: 10 lakh women will send postcards to the Prime Minister for reservation
Mahila Congress campaign: 10 lakh women will send postcards to the Prime Minister for reservation

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
कांग्रेस की महिला इकाई ने लोकसभा की वर्तमान 543 सीटों के आधार पर महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण तत्काल लागू करने की मांग करते हुए बुधवार को ‘पोस्ट कार्ड अभियान’ की शुरुआत की, जिसके तहत 10 लाख महिलाओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पते पर पोस्ट कार्ड भिजवाने का लक्ष्य रखा गया है।
 
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा, कांग्रेस के अनुसूचित विभाग के प्रमुख राजेंद्र पाल गौतम और ओबीसी विभाग के अध्यक्ष अनिल जयहिंद ने यहां इस अभियान की शुरुआत की।
 
अलका ने कहा कि इस पोस्ट कार्ड को महिलाएं प्रधानमंत्री के आधिकारिक निवास ‘7 लोक कल्याण मार्ग’ पर भेजेंगी और नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023 को तत्काल लागू करने तथा इसमें एससी-एसटी के साथ ओबीसी महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण के प्रावधान की मांग की जाएगी।
 
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारी मांग है कि लोकसभा की 543 सीटों पर महिला आरक्षण तुरंत लागू किया जाए, ओबीसी वर्ग की महिलाओं को भी आरक्षण में शामिल किया जाए, जातिगत जनगणना हो और फिर उसी आधार पर परिसीमन हो।’’
 
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ने कहा कि उनके संगठन का यह अभियान मई और जून महीने में चलेगा।
 
अलका ने कहा कि सरकार संसद का आगामी मानसून सत्र या फिर विशेष सत्र बुलाकर महिला आरक्षण को लागू कर सकती है।