Maharashtra: Six tourists stranded at Tandulwadi Fort amid heavy fog and rain rescued
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
महाराष्ट्र के पालघर जिले में तांदुलवाड़ी किले पर घने कोहरे के कारण रास्ता भटकने और वहीं फंस जाने के बाद छह पर्यटकों को सुरक्षित बचा लिया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पालघर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) यतीश देशमुख ने बताया कि पर्यटकों द्वारा शुक्रवार शाम आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर '112' पर कॉल किए जाने के बाद सफाले पुलिस थाने की एक टीम द्वारा यह खोज और बचाव अभियान चलाया गया।
उन्होंने बताया, "तीन जुलाई को नालासोपारा, विरार और डहाणू के चार पुरुषों और दो महिलाओं समेत छह पर्यटकों का एक समूह तांदुलवाड़ी किले गया था। किले से नीचे उतरते समय मूसलाधार बारिश, घने कोहरे और फिसलन भरे रास्तों के कारण वे रास्ता भटक गए और घने जंगल क्षेत्र में फंस गए थे।"
देशमुख ने बताया कि पर्यटकों की पहचान पालघर के दांडेकर कॉलेज के छात्रों के रूप में हुई है और बाद में उन्हें सुरक्षित सफाले रेलवे स्टेशन पहुंचा दिया गया।