आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव में फिर से कमल खिलेगा और पार्टी कार्यकर्ता चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
नवीन ने ‘पीटीआई वीडियो’ के साथ बातचीत में कहा, ‘‘आज पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा दिखाया गया प्यार और स्नेह संकेत देता है कि 2027 में कमल निश्चित रूप से खिलेगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जिस तरह से ‘डबल इंजन’ सरकार मोदी-योगी की जोड़ी ने उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश में बदल दिया है, कमल निश्चित रूप से उत्तर प्रदेश में खिलने के लिए तैयार है, जहां काशी विश्वनाथ, अयोध्या और मथुरा हैं। आज हमने लखनऊ और पूरे राज्य में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच जो उत्साह देखा, उसके आधार पर हम निश्चित रूप से कह सकते हैं कि भाजपा कार्यकर्ता 2027 (विधानसभा चुनाव) के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।’’
इससे पहले, नवीन का शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरे के दौरान उनके 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की योजना को कारगर बनाने के लिए वरिष्ठ नेताओं के साथ कई बैठकें करने की उम्मीद है।
नवीन ने विशेष रूप से डिजाइन किए गए मोटर चालित रथ पर यात्रा की, जिस पर पार्टी के शीर्ष नेताओं की तस्वीरें और ‘सेवा, सुशासन और जनकल्याण’ लिखा हुआ था।