हंगामे के बीच लोकसभा में विनियोग विधेयक पारित, कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 04-08-2026
Lok Sabha passes Appropriation Bill amid uproar, proceedings adjourned for the day
Lok Sabha passes Appropriation Bill amid uproar, proceedings adjourned for the day

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
अयोध्या राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी और दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दों पर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी समेत अन्य विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण मंगलवार को लोकसभा की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।

विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच ही सदन ने विनियोग (संख्यांक 3) विधेयक, 2026 को बिना चर्चा के ध्वनिमत से पारित कर दिया।
 
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शोर-शराबे के बीच ही सदन में कराधान एवं अन्य विधियां (संशोधन) विधेयक, 2026 भी पेश किया।
 
इससे पहले, पूर्वाह्न 11 बजे सदन की बैठक शुरू होने पर जब लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्नकाल शुरू कराना चाहा तो विपक्ष के सदस्य हंगामा करने लगे।
 
वे अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी का मुद्दा उठा रहे थे और दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग कर रहे थे।
 
बिरला ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के सदस्यों से प्रश्नकाल चलने देने का आग्रह करते हुए कहा, ‘‘मैं आप सभी को बोलने का अवसर दूंगा, लेकिन प्रश्नकाल में केवल प्रश्न-उत्तर होते हैं और सभी से अनुरोध है कि कार्यवाही चलाने में सहयोग करें।’’