अर्जेंटीना की तरफ से विदाई मैच में खेलेंगे लियोनेल मेस्सी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 16-09-2026
Lionel Messi to play farewell match for Argentina
Lionel Messi to play farewell match for Argentina

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 लियोनेल मेस्सी भले ही अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास ले चुके हैं लेकिन यह स्टार स्ट्राइकर छह अक्टूबर को अर्जेंटीना की तरफ से विदाई मैच खेल सकता है।
 
क्लब स्तर पर इंटर मियामी की तरफ से खेल रहे 39 वर्षीय मेस्सी को घरेलू अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैचों के लिए अर्जेंटीना की 28 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है।
 
मेस्सी ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है कि वह टीम में शामिल होंगे या नहीं, लेकिन अर्जेंटीना फुटबॉल के प्रमुख ने कहा कि इस दिग्गज खिलाड़ी ने छह अक्टूबर को ब्यूनस आयर्स में बेनिन के खिलाफ होने वाले मैच के लिए निमंत्रण स्वीकार कर लिया है, जिससे वह शानदार तरीके से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कह सकें।
 
अर्जेंटीना फुटबॉल संघ के अध्यक्ष क्लाउडियो तापिया ने कहा, ‘‘सीनियर राष्ट्रीय टीम के कोच लियोनेल स्कालोनी के साथ बातचीत के बाद हमने दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, हमारे आदर्श, हमारे कप्तान लियोनेल मेस्सी को आमंत्रित करने का फैसला किया, ताकि उन्हें छह अक्टूबर को वह विदाई मिल सके जिसके वे हकदार हैं।’’
 
मेस्सी की अगुवाई में अर्जेंटीना ने 2022 में विश्व कप का खिताब जीता था जबकि टीम 2026 में उपविजेता रही थी। इसके बाद इस स्टार खिलाड़ी ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने की घोषणा कर दी थी।