आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राजस्थान कई इलाकों में एक पश्चिमी विक्षोभ के असर से हल्की से मध्यम बारिश हुई जिससे राज्य में तापमान में भी गिरावट आई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
आईएमडी के जयपुर केंद्र के अनुसार शुक्रवार सुबह तक पिछले 24 घंटे की अवधि में राज्य के अनेक भागों में मेघगर्जन के साथ हल्की-मध्यम बारिश हुई।
इसने बताया कि सर्वाधिक 25 मिलीमीटर बारिश बीकानेर के नोखा में हुई। अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान सामान्य से दो-आठ डिग्री सेल्सियस कम रहा।
आईएमडी के अनुसार, आज यानी शुक्रवार को पश्चिमी विक्षोभ का मुख्य असर उत्तर-पूर्वी राजस्थान के भरतपुर व जयपुर संभाग के कुछ भागों में जारी रहने तथा शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।
वहीं एक और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में 21-22 मार्च को भी हल्की बारिश/बूंदाबांदी हो सकती है। शेष अधिकांश भागों में आगामी चार-पांच दिन मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा।
मौसम केंद्र के अनुसार आगामी दो-तीन दिन में अधिकतम तापमान में दो-तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने तथा इसके सामान्य से दो-चार डिग्री नीचे रहने का अनुमान है।