केरल में हल्की से भारी बारिश का पूर्वानुमान, दो जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 11-06-2026
Light to heavy rain forecast in Kerala, 'Orange alert' in two districts
Light to heavy rain forecast in Kerala, 'Orange alert' in two districts

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को केरल के कई हिस्सों में हल्की से भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है, वहीं आज सुबह के लिए राज्य के दो जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ भी जारी किया गया है।
 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अलप्पुझा और कोट्टायम में सुबह तीन घंटे के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया। मौसम विभाग ने कहा कि इन दोनों जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
 
‘ऑरेंज अलर्ट’ 11 सेंटीमीटर से 20 सेंटीमीटर तक बहुत भारी बारिश की संभावना पर जारी किया जाता है।
 
आईएमडी ने इसके अलावा तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथानमथिट्टा और एर्नाकुलम समेत कई दूसरे जिलों में हल्की बारिश के साथ गरज के साथ वर्षा होने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने का अनुमान व्यक्त किया है।
 
मौसम विभाग ने एक दिन पहले राज्य में 14 जून तक भारी बारिश की संभावना जताई थी और तेज हवाओं एवं खराब मौसम की वजह से 11 और 12 जून को केरल-कर्नाटक-लक्षद्वीप के तटीय क्षेत्रों में मछली पकड़ने की गतिविधियां संचालित नहीं करने की सलाह दी थी।