तमिलनाडु के 15 से ज़्यादा ज़िलों में भारी बारिश का अनुमान

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 11-06-2026
Heavy rains predicted in more than 15 districts of Tamil Nadu
Heavy rains predicted in more than 15 districts of Tamil Nadu

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 मौसम विभाग ने कहा है कि बृहस्पतिवार से अगले तीन से चार दिन तक तमिलनाडु में दक्षिण-पश्चिम मानसून के और बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं तथा इसके चलते राज्य के 15 से अधिक जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है।
 
बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा बुलेटिन में कहा गया कि तिरुनेलवेली, कन्याकुमारी, नीलगिरि, कोयंबटूर, इरोड, सलेम, धर्मपुरी, कृष्णगिरि, तिरुपत्तूर, वेल्लोर, रानीपेट, तिरुवन्नामलाई, विल्लुपुरम, कल्लाकुरिची, थेनी, डिंडीगुल, कुड्डालोर और मयिलादुथुराई ज़िलों के पश्चिमी घाट वाले इलाकों में तेज़ हवाओं (40-50 किमी/घंटा की रफ़्तार) के साथ भारी बारिश, आंधी-तूफ़ान और बिजली गिरने की संभावना है।
 
रिपोर्ट में कहा गया है कि भारी बारिश के कारण, 11 से 14 जून के बीच तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल इलाकों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी।
 
मौसम विभाग ने चेन्नई के लिए गर्म और उमस भरे मौसम का अनुमान लगाया है। हालांकि, शाम या रात के समय गरज-चमक और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
 
तिरुनेलवेली के ऊथु में पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे ज़्यादा 11 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई, इसके बाद नीलगिरि के विंट वर्थ एस्टेट में इसी दौरान नौ सेंटीमीटर बारिश हुई।
 
बुधवार को राज्य में सबसे ज़्यादा तापमान चेन्नई में दर्ज किया गया, जो 40.7 डिग्री सेल्सियस रहा।