लीला होटल्स का मुनाफा 26.6% बढ़कर 94.6 करोड़ रुपये

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 14-10-2026
Leela Hotels profit rises 26.6% to Rs 94.6 crore
Leela Hotels profit rises 26.6% to Rs 94.6 crore

 

 
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

लग्जरी होटल कंपनी लीला पैलेसेज होटल्स एंड रिसॉर्ट्स ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है। सितंबर में समाप्त तिमाही के दौरान कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 26.6 प्रतिशत बढ़कर 94.6 करोड़ रुपये हो गया। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी ने 74.72 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया था।
 
कंपनी की ओर से नियामकीय फाइलिंग में दी गई जानकारी के मुताबिक, होटल कारोबार में मजबूत मांग के कारण उसके राजस्व में बढ़ोतरी हुई है। दूसरी तिमाही में कंपनी की परिचालन से कुल आय बढ़कर 418 करोड़ रुपये हो गई, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 333.45 करोड़ रुपये थी।
 
कंपनी के पूर्णकालिक निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनुराग भटनागर ने कहा कि दूसरी तिमाही के नतीजे लीला ब्रांड की मजबूती और भारत के लग्जरी हॉस्पिटैलिटी बाजार में बढ़ती संभावनाओं को दर्शाते हैं।
 
उन्होंने बताया कि कंपनी के परिचालन राजस्व में 33 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि परिचालन EBITDA में 36 प्रतिशत का इजाफा दर्ज किया गया। उनके मुताबिक, रिटेल, कॉरपोरेट और लेजर—तीनों क्षेत्रों से मांग मजबूत रही। इसके अलावा, सुइट्स की अच्छी मांग और बड़े आयोजनों के दौरान प्रीमियम कीमतें हासिल करने की क्षमता ने भी कारोबार को सहारा दिया।
 
हालांकि, इस दौरान कंपनी के कुल खर्च में भी बढ़ोतरी हुई। दूसरी तिमाही में कुल खर्च 224.14 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह 172.71 करोड़ रुपये था।