आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को लद्दाख में करीब 3,350 करोड़ रुपये की पांच प्रमुख विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। इन परियोजनाओं में हवाई अड्डे का नया टर्मिनल, सामरिक सड़क संपर्क, नवीकरणीय ऊर्जा, विरासत संरक्षण और जल सुरक्षा से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी बयान के मुताबिक, मोदी इन परियोजनाओं का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन करेंगे और उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इन योजनाओं का उद्देश्य लद्दाख में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर बनाना है।
लेह एयरपोर्ट पर बनेगा बेहतर यात्री अनुभव
इन परियोजनाओं में लेह के कुशोक बकुला रिनपोछे एयरपोर्ट पर 640 करोड़ रुपये की लागत से बना नया यात्री टर्मिनल भवन शामिल है। करीब 23,800 वर्ग मीटर में फैला यह आधुनिक टर्मिनल सालाना 35 लाख यात्रियों को संभालने की क्षमता के साथ तैयार किया गया है।
PMO के अनुसार, टर्मिनल में भू-तापीय ऊर्जा यानी जियोथर्मल एनर्जी का इस्तेमाल किया गया है। इससे ऊर्जा दक्षता बढ़ाने और कार्बन उत्सर्जन कम करने में मदद मिलेगी। लद्दाख जैसे पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में टिकाऊ बुनियादी ढांचे को ध्यान में रखकर इसे तैयार किया गया है।
नए टर्मिनल में आधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ लद्दाख की सांस्कृतिक विरासत की झलक भी देखने को मिलेगी। इससे यात्रियों की सुविधा बढ़ने और देश के अन्य हिस्सों के साथ हवाई संपर्क मजबूत होने की उम्मीद है।
298 किलोमीटर लंबी सड़क भी होगी समर्पित
प्रधानमंत्री 298 किलोमीटर लंबी निमू-पदुम-दरचा सड़क को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। सीमा सड़क संगठन (BRO) ने इस सड़क का निर्माण किया है।