Government to open skill development centre in Andhra Pradesh, agreement signed with AM/NS India
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
आंध्र प्रदेश सरकार और AM/NS India मिलकर अनकापल्ली जिले में कौशल एवं सामुदायिक विकास केंद्र स्थापित करेंगे। इस केंद्र का उद्देश्य मछुआरों, किसानों, युवाओं और महिलाओं को रोजगार से जुड़ा प्रशिक्षण देना और उनकी आजीविका के अवसर बढ़ाना है।
बुधवार को आंध्र प्रदेश राज्य कौशल विकास निगम (APSSDC) ने AM/NS India के साथ इस केंद्र की स्थापना के लिए आशय पत्र (LoI) पर हस्ताक्षर किए। जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, प्रस्तावित केंद्र में उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप व्यावसायिक प्रशिक्षण और आजीविका से जुड़े कार्यक्रम चलाए जाएंगे। साथ ही, लाभार्थियों को संबंधित सरकारी योजनाओं से जोड़ने में भी मदद की जाएगी।
आंध्र प्रदेश के आईटी मंत्री नारा लोकेश ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता युवाओं को ऐसे कौशल उपलब्ध कराना है, जिनसे उन्हें रोजगार मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार यह भी सुनिश्चित करना चाहती है कि राज्य में औद्योगिक विकास का लाभ स्थानीय समुदायों तक पहुंचे।
मंत्री के मुताबिक, नक्कापल्ली में स्थापित होने वाला यह केंद्र उद्योगों से जुड़े प्रशिक्षण और आजीविका सहायता को एक साथ उपलब्ध कराएगा। इससे स्थानीय लोगों को अपनी क्षमताएं विकसित करने और रोजगार के नए अवसर तलाशने में मदद मिल सकती है।