बांग्लादेश में किसी भी कीमत पर कानून-व्यवस्था बनाए रखनी होगी : रहमान

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 14-02-2026
Law and order must be maintained in Bangladesh at any cost: Rahman
Law and order must be maintained in Bangladesh at any cost: Rahman

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
बीएनपी के अध्यक्ष तारिक रहमान ने बांग्लादेश में “किसी भी कीमत पर” कानून-व्यवस्था बनाए रखने को प्राथमिकता देते हुए शनिवार को कहा कि 13वें आम चुनाव ने सुरक्षित व मानवता का सम्मान करने वाला बांग्लादेश बनाने के लिए एक नया रास्ता खोला है।
 
रहमान देश के प्रधानमंत्री बनने वाले हैं। वह अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस की जगह लेंगे।
 
उन्होंने दक्षेस (दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन) के पुनरुद्धार और अपनी सरकार की विदेश नीति को “बांग्लादेश तथा उसके लोगों के व्यापक हितों” तय करने की बात भी कही।
 
रहमान की बीएनपी ने बृहस्पतिवार को हुए ऐतिहासिक संसदीय चुनावों में शुक्रवार को दो-तिहाई से अधिक बहुमत के साथ शानदार जीत दर्ज की।
 
संसदीय चुनावों में भारी जीत के एक दिन बाद यहां संवाददाता सम्मेलन में 60 वर्षीय रहमान ने कहा, “हमारे रास्ते और विचार अलग हो सकते हैं, लेकिन देश के हित में हमें एकजुट रहना होगा। मैं दृढ़ता से मानता हूं कि राष्ट्रीय एकता हमारी सामूहिक ताकत है, जबकि विभाजन हमारी कमजोरी।”
 
उन्होंने कहा, “आज से हम सभी स्वतंत्र हैं, स्वतंत्रता और अधिकारों की वास्तविक भावना बहाल हो गई है।”
 
रहमान ने कहा कि हालांकि शांति और कानून-व्यवस्था किसी भी कीमत पर बनाए रखनी होगी।
 
उन्होंने कहा, “हम किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं करेंगे।”
 
बांग्लादेश में राजनीतिक उथल-पुथल के बीच 13वें संसदीय चुनाव को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा था। अगस्त 2024 में छात्रों के नेतृत्व में हुए प्रदर्शनों के बाद 15 वर्ष से अधिक समय तक शासन करने वालीं शेख हसीना को सत्ता छोड़कर भारत भागना पड़ा था, जिसके बाद अल्पसंख्यकों पर व्यापक हमले भी हुए थे।