सुरक्षा श्रेणी घटाने के लिए लालू ने नीतीश को जिम्मेदार ठहराया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 17-06-2026
Lalu blames Nitish for downgrading his security category
Lalu blames Nitish for downgrading his security category

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने बुधवार को अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार पर आरोप लगाया कि बिहार की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार द्वारा उनकी सुरक्षा श्रेणी घटाने के पीछे वही जिम्मेदार हैं।

हाल ही में सम्राट चौधरी सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद और उनकी पत्नी राबड़ी देवी (पूर्व मुख्यमंत्री) की ‘जेड प्लस’ सुरक्षा श्रेणी को कम करने का और उनके वर्तमान आवास रद्द करने का आदेश जारी किया था।
 
इस संबंध में पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब में राजद प्रमुख ने कहा, ‘‘हां, सुरक्षा श्रेणी घटाई गई है। यह सब नीतीश कुमार के कहने पर किया जा रहा है।’’
 
हालांकि, बढ़ती उम्र और खराब स्वास्थ्य के कारण अब अधिकांश समय सार्वजनिक जीवन से दूर रहने वाले लालू प्रसाद ने अपने आरोपों के समर्थन में कोई और विवरण नहीं दिया।
 
लालू प्रसाद और नीतीश कुमार के बीच राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता बिहार की राजनीति में लंबे समय से चर्चा का विषय रही है। दोनों नेताओं ने वर्ष 1974 में जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में चले छात्र आंदोलन से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी।
 
दोनों के संबंधों में उतार-चढ़ाव रहा है। वर्ष 1990 के दशक में नीतीश कुमार ने लालू प्रसाद से अलग राह पकड़ी और अंततः वर्ष 2005 में भाजपा के साथ गठबंधन कर राजद को सत्ता से बाहर कर दिया।
 
कड़ी राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के बावजूद राजद और जदयू के बीच दो बार अल्पकालिक गठबंधन हुआ जब नीतीश कुमार अस्थायी रूप से भाजपा से अलग हुए थे।
 
दोनों अवसरों पर लालू प्रसाद के छोटे पुत्र और राजनीतिक उत्तराधिकारी माने जाने वाले तेजस्वी यादव को उपमुख्यमंत्री बनाया गया था।
 
पिछले महीने नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद छोड़कर राज्यसभा जाने का फैसला किया, जिसके बाद बिहार में पहली बार भाजपा की सरकार बनी।
 
इसके साथ ही नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को सम्राट चौधरी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया।