Ladakh: Union Minister Gajendra Singh Shekhawat inaugurated a ‘Sound and Light Show’ at Leh Palace.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शुक्रवार को ऐतिहासिक लेह पैलेस में एक ‘साउंड एंड लाइट शो’ का उद्घाटन किया, जिसका उद्देश्य केंद्र-शासित प्रदेश में सांस्कृतिक और विरासत पर्यटन को बढ़ावा देना है।
अधिकारियों ने बताया कि पर्यटन मंत्रालय के भारतीय पर्यटन विकास निगम ने 8.57 करोड़ रुपये की इस परियोजना को साकार किया है।
उन्होंने कहा कि ‘साउंड एंड लाइट शो’ आधुनिक मल्टीमीडिया तकनीकों के माध्यम से लद्दाख की समृद्ध सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और स्थापत्य विरासत को प्रदर्शित करता है, जिससे दर्शकों की सहभागिता बढ़ती है और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा संरक्षित स्मारक की पवित्रता भी बनी रहती है।
इस अवसर पर शेखावत ने कहा कि लद्दाख, विशेष रूप से लेह में पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं और वह उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना के नेतृत्व में विकास के एक नये चरण का गवाह बन रहा है।
शेखावत ने कहा कि यह परियोजना टिकाऊ सांस्कृतिक पर्यटन की दिशा में एक कदम है और इससे आगंतुकों को क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी।
उपराज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने लद्दाख के केंद्र-शासित प्रदेश बनने के बाद से इसके विकास को प्राथमिकता दी है, जिसके तहत बुनियादी ढांचे के विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी ध्यान केंद्रित किया गया है।