आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरल के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने सोमवार को कहा कि सरकार कल्याणकारी पेंशन लाभार्थियों की व्यापक समीक्षा करेगी ताकि अपात्र लोगों को सूची से हटाया जा सके और यह सुनिश्चित किया जा सके कि सभी पात्र व्यक्तियों को पेंशन का लाभ मिले।
विधानसभा में ए सी मोईदीन के सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन को बढ़ाकर 3,000 रुपये करने का वादा यूडीएफ के ‘इंदिरा गारंटी’ कार्यक्रम का हिस्सा है और इसे जल्द से जल्द लागू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस नीत मोर्चे द्वारा किए गए वादों में से दो—महिलाओं के लिए केएसआरटीसी (केरल राज्य पथ परिवहन निगम की) बसों में मुफ्त यात्रा और वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग विभाग की स्थापना — सरकार के सत्ता में आने के एक महीने के भीतर ही पूरे कर दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, “सामाजिक सुरक्षा पेंशन भी हमारी प्रमुख गारंटियों में शामिल है और इस वादे को भी यथाशीघ्र पूरा किया जाएगा।”
उन्होंने दोहराया कि सरकार पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।