आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सीएमआरएल मामले से जुड़ी धनशोधन जांच के तहत मंगलवार को केरल में कई जगहों पर नए सिरे से छापेमारी की। इस मामले से पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की बेटी वीना से पूछताछ की गई थी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत कोझिकोड जिले में आठ जगहों पर कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि मई में कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) के परिसरों पर छापेमारी की गई थी और इसी सिलसिले में यह हालिया कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि धन के लेन देन में कथित तौर पर शामिल लोगों की तलाश की जा रही है जिनमें एक राजनीतिक रूप से जुड़ा व्यक्ति भी शामिल है।
एजेंसी इस आरोप की जांच कर रही है कि ‘कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड’ (सीमएमआरएल) ने ‘आईटी कंसल्टेंसी’ सर्विस’ के नाम पर वीना की अब बंद हो चुकी कंपनी ‘एक्सलॉजिक सॉल्यूशंस’ को 2.78 करोड़ रुपये का धोखाधड़ी वाला भुगतान किया।
केंद्रीय एजेंसी ने वीना के यहां छापा मारा था, जो तिरुवनंतपुरम में किराए के मकान में विजयन के साथ रह रही थीं। इसके बाद उनसे पूछताछ की गई थी।