आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरल कांग्रेस (जोसेफ) के अध्यक्ष पी जे जोसेफ ने बृहस्पतिवार को कहा कि पार्टी केरल में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की नयी सरकार में कम से कम दो मंत्री पद चाहती है।
केरल कांग्रेस (जोसेफ) गुट ने 2026 के विधानसभा चुनाव में आठ सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे और उनमें से सात पर जीत हासिल की।
हालांकि, जोसेफ ने खुद विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा, लेकिन उनके बेटे अपू जॉन जोसेफ ने जिले में पार्टी के गढ़ थोडुपुझा सीट से करीब 85,000 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
तिरुवनंतपुरम रवाना होने से पहले थोडुपुझा में पत्रकारों से बातचीत में जोसेफ ने कहा कि पार्टी के मंत्री पद का मुद्दा बातचीत के जरिए सौहार्दपूर्ण तरीके से सुलझा लिया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘हमारी इच्छा है कि हमें कम से कम दो मंत्री पद मिलें।’’
जब उनसे पूछा गया कि क्या इडुक्की जिले से पार्टी को मंत्री पद मिलेगा, तो उन्होंने कहा कि इस पर अभी फैसला नहीं किया जा सकता।
मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी गठबंधन नेतृत्व द्वारा पूछे जाने पर ही अपनी राय देगी। उन्होंने कहा, ‘‘हम अभी कुछ नहीं कहेंगे। अब तक हमसे इस बारे में नहीं पूछा गया है। अगर पूछा जाएगा, तो हम अपनी राय देंगे।’’
जोसेफ ने कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद तिरुवनंतपुरम में पार्टी नेताओं की मौजूदगी जरूरी होने के कारण वह वहां जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कांग्रेस पार्टी से होगा और इस पद को लेकर पार्टी नेतृत्व के भीतर चर्चा शुरू हो चुकी है।
मुख्यमंत्री पद के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं वी डी सतीशन, रमेश चेन्निथला और के सी वेणुगोपाल के नामों पर चर्चा हो रही है।