राजस्थान: बम्बोरी गांव में पैदल घूमे मुख्यमंत्री शर्मा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 07-05-2026
Rajasthan: Chief Minister Sharma walks in Bambori village
Rajasthan: Chief Minister Sharma walks in Bambori village

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बृहस्पतिवार की सुबह प्रतापगढ़ के बम्बोरी गांव में पैदल घूमे और ग्रामीणों से संवाद किया।

मुख्यमंत्री ने सुबह सुबह गांव का पैदल भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर ग्रामीणों से से मुलाकात की। बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया और उनके स्वास्थ्य, पेंशन एवं वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के संबंध में जानकारी ली।
 
इस दौरान अनेक बच्चों ने मुख्यमंत्री को अपना गृहकार्य दिखाया और पढ़ाई के बारे में बात की। शर्मा ने महिलाओं से संवाद करते हुए अधिकाधिक संख्या में राजीविका से जुड़ने का आह्वान किया।
 
आधिकारिक प्रवक्ता के अनुसार मुख्यमंत्री ने गांव में भ्रमण के बाद ग्रामीणों के साथ चाय पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों एवं महिलाओं से संवाद किया तथा मूलभूत सुविधाओं से लेकर लोक कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों द्वारा बताई गई समस्याओं के निराकरण के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों के विकास के बिना देश और प्रदेश का समग्र विकास संभव नहीं है। जब तक गांवों के बीच जाकर लोगों से संवाद नहीं किया जाएगा, तब तक उनकी समस्याओं को पूर्ण रूप से समझा नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि ग्राम विकास चौपाल और ग्राम विकास रथ ‘विकसित राजस्थान’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में की गई महत्वपूर्ण पहल हैं।
 
उन्होंने गांव में स्थित गंगेश्वर महादेव मंदिर में सपत्नीक जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की। साथ ही, उन्होंने लक्ष्मीनाथ जी मंदिर एवं चारभुजानाथ जी मंदिर में भी दर्शन किए।