मनोज सिन्हा ने ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पर सशस्त्र बलों को नमन किया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 07-05-2026
Manoj Sinha salutes the armed forces on one year of Operation Sindoor
Manoj Sinha salutes the armed forces on one year of Operation Sindoor

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बृहस्पतिवार को कहा कि ऑपरेशन सिंदूर इस संकल्प की घोषणा है कि भारत की बहादुर सशस्त्र सेनाएं हर कीमत पर देश की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा करेंगी।
 
उपराज्यपाल ने ऑपरेशन सिंदूर के एक वर्ष पूरे होने पर सशस्त्र बलों को नमन किया। यह अभियान पिछले वर्ष अप्रैल में पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान में आतंकी ढांचे को निशाना बनाने के लिए शुरू किया गया था।
 
सिन्हा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ऑपरेशन सिंदूर इस दृढ़ संकल्प की घोषणा है कि हमारी बहादुर सशस्त्र सेनाएं हर कीमत पर देश की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह भारत के अटूट संकल्प का प्रमाण है और हम आतंकवादी नेटवर्क को ध्वस्त करने तथा जम्मू कश्मीर को आतंकमुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘जब ऑपरेशन सिंदूर को एक वर्ष पूरा हो चुका है तो हम वर्दीधारी उन पुरुषों और महिलाओं को श्रद्धापूर्वक नमन करते हैं, जिनके अडिग संकल्प और असाधारण साहस ने पहलगाम में निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाने वाले दुश्मन को करारा जवाब दिया।’’
 
पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हो गयी थी जिनमें अधिकतर पर्यटक थे। इसके जवाब में भारत ने पिछले वर्ष सात मई को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया और पाकिस्तान तथा पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकियों के नौ ठिकानों पर हवाई हमले किए।
 
इस कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने जवाबी हमले किए, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया। हालांकि, भारतीय सेना ने अधिकांश हमलों को विफल कर दिया।
 
दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों के बीच हॉटलाइन पर हुई बातचीत के बाद 10 मई को सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बनी और इसके साथ ही संघर्ष समाप्त हो गया।