आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) विभाग के प्रमुख अमित मालवीय के बीच बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर उस समय तीखी नोकझोंक हुई, जब केजरीवाल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार डीजल और विमान टर्बाइन ईंधन (एटीएफ) में भी एथनॉल मिलाने की योजना बना रही है।
मालवीय ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘‘फर्जी खबर’’ फैलाना और बेवजह ‘‘दहशत’’ पैदा करना केजरीवाल की ‘‘पुरानी आदत’’ है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार स्पष्ट कर चुकी है कि ई20 से अधिक एथनॉल मिलाने के बारे में कोई फैसला नहीं किया गया है।
ई20 ऐसा ईंधन है, जिसमें 80 प्रतिशत पेट्रोल और 20 प्रतिशत एथनॉल मिला होता है। ई20 देश के खुदरा ईंधन बाजार में बदलाव ला रहा है।
केजरीवाल ने दावा किया कि सरकार जल्द ही डीजल में भी एथनॉल मिलाएगी। उन्होंने लोगों से नये पेट्रोल और डीजल वाहन फिलहाल नहीं खरीदने की अपील की।
उन्होंने एक अन्य पोस्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया कि मोदी सरकार विमान टर्बाइन ईंधन में भी एथनॉल मिलाने की योजना बना रही है।
केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि ई20 ईंधन व्यवस्था लागू करने के बाद सरकार पेट्रोल में एथनॉल की मात्रा बढ़ाकर 50 प्रतिशत से अधिक करने की योजना बना रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा पता चल रहा है कि वे पेट्रोल में 50 प्रतिशत से अधिक एथनॉल मिलाने वाले हैं। वे बस माहौल शांत होने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने पहले आपकी ई0 और ई10 गाड़ियों में जबरन ई20 पेट्रोल डालकर उनका कबाड़ा कर दिया। आज अगर आप नया ई20 वाहन खरीदते हैं तो सरकार कुछ समय बाद उसमें जबरदस्ती ई50 पेट्रोल डालकर उसका भी कबाड़ा कर देगी।’’
पूर्व मुख्यमंत्री ने मालवीय को जवाब देते हुए आरोप लगाया कि सरकार ईंधन में और अधिक एथनॉल मिलाने से पहले स्थिति शांत होने का इंतजार कर रही है।
केजरीवाल ने कहा, ‘‘जिस तरह आपने किसी वैज्ञानिक अध्ययन के बिना, किसी की बात सुने बिना और धमकाकर सबको चुप कराते हुए ई20 लागू किया, उसी तरह आप ई50 भी लागू करेंगे।’’