Karnataka should release 12,000 cusecs of Cauvery water daily for 15 days to Tamil Nadu: CWRC
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कावेरी जल विनियमन समिति (सीडब्ल्यूआरसी) ने मंगलवार को कर्नाटक सरकार को निर्देश दिया कि वह अगले 15 दिन तक तमिलनाडु के लिए हर दिन कावेरी नदी से 12,000 क्यूसेक पानी छोड़े। यह निर्देश नदी के पानी के बंटवारे को लेकर दक्षिण के इन दो राज्यों के बीच जारी विवाद के बीच दिया गया।
यह निर्देश सीडब्ल्यूआरसी की बैठक में जारी किया गया, जिसकी अध्यक्षता इसके अध्यक्ष विनीत गुप्ता ने की।
कावेरी जल प्रबंधन प्राधिकरण (सीडब्ल्यूएमए) की बैठक आज बाद में होनी है।
सीडब्ल्यूएमए ने पूर्व में कर्नाटक को निर्देश दिया था कि वह तमिलनाडु के लिए कावेरी का पानी छोड़े।
सीडब्ल्यूआरसी ने 28 जुलाई को हुई अपनी बैठक में निर्देश दिया था कि कर्नाटक 29 जुलाई से 15 दिन तक बिलिगुंड्लु में 3,500 क्यूसेक पानी का बहाव सुनिश्चित करे।
इसके बाद सीडब्ल्यूएमए ने आदेश को बरकरार रखा और कर्नाटक को इसका पालन करने का निर्देश दिया।
हालांकि, तमिलनाडु ने आरोप लगाया है कि कर्नाटक तय मात्रा में पानी नहीं छोड़ रहा।
तमिलनाडु सरकार के अनुसार, 29 जुलाई से दो अगस्त के बीच बिलिगुंड्लु में पानी का बहाव 158 क्यूसेक से 550 क्यूसेक के बीच दर्ज किया गया।
ताज़ा घटनाक्रम इस मुद्दे पर तमिलनाडु की कानूनी चुनौती के बीच हुआ है।
उच्चतम न्यायालय इस मुद्दे पर तमिलनाडु सरकार की याचिका पर 13 अगस्त को सुनवाई करेगा।