कर्नाटक: विजयपुरा जिले के कुछ हिस्सों में भूकंप के हल्के झटके

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 30-09-2026
Karnataka: Mild earthquake felt in parts of Vijayapura district
Karnataka: Mild earthquake felt in parts of Vijayapura district

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
कर्नाटक के विजयपुरा जिले में मंगलवार देर रात 3.5 तीव्रता का भूकंप आया।

कर्नाटक राज्य प्राकृतिक आपदा निगरानी केंद्र (केएसएनडीएमसी) ने बताया कि भूकंप का केंद्र बसवन बागेवाड़ी से 3.9 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित था।
 
केएसएनडीएमसी के अनुसार, भूकंप रात दो बजकर चार मिनट पर जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में आया। इसका केंद्र 16.604 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 75.990 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था।
 
आपदा निगरानी केंद्र ने बताया कि भूकंप की तीव्रता कम थी और इसका झटका भूकंप के केंद्र से 50 से 60 किलोमीटर के दायरे तक महसूस किया जा सकता था।
 
भूकंप का केंद्र हुनाश्याल ग्राम पंचायत से 7.8 किलोमीटर पश्चिम, हुविना हिप्परागी ग्राम पंचायत से 11.2 किलोमीटर पश्चिम, अलमट्टी बांध से 31 किलोमीटर उत्तर-पूर्व और विजयपुरा शहर से 38 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित था।
 
केएसएनडीएमसी ने कहा, ‘‘इस तरह के भूकंप से स्थानीय समुदाय को कोई नुकसान नहीं होगा क्योंकि दर्ज की गई तीव्रता कम है, हालांकि स्थानीय स्तर पर कंपन महसूस हो सकता है।’’
 
केंद्र के निदेशक ने कहा, ‘‘लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि भूकंप की तीव्रता और कंपन दोनों ही कम दर्ज किए गए हैं।’’