Jaishankar meets Guterres, discusses ongoing conflicts and impact on the Global South
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस से मुलाकात की और दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की स्थिति सहित जारी संघर्षों तथा उनके ‘ग्लोबल साउथ’ के देशों पर पड़ने वाले प्रभावों पर चर्चा की।
‘ग्लोबल साउथ’ शब्द का इस्तेमाल आम तौर पर आर्थिक रूप से कम विकसित देशों को संदर्भित करने के लिए किया जाता है।
जयशंकर ने मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में महासचिव गुतारेस से मुलाकात की। इसके साथ ही उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासभा के उच्चस्तरीय सप्ताह के दौरान अपने कार्यक्रमों का समापन किया।
जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस से मिलकर खुशी हुई। हमारी चर्चा जारी संघर्षों और उनके प्रभाव को कम करने की आवश्यकता पर केंद्रित रही, खासकर ‘ग्लोबल साउथ’ के देशों पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर।’’
महासचिव कार्यालय की ओर से जारी बैठक के विवरण के अनुसार, गुतारेस और जयशंकर ने ‘‘बहुपक्षवाद, भारत-संयुक्त राष्ट्र सहयोग और यूक्रेन में युद्ध तथा पश्चिम एशिया की स्थिति सहित भू-राजनीतिक घटनाक्रमों’’ पर चर्चा की।
बयान में कहा गया है कि महासचिव ने संयुक्त राष्ट्र के साथ भारत के सहयोग की सराहना की।
शनिवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा की आम बहस में भारत की ओर से वक्तव्य देते हुए जयशंकर ने विश्व संगठन के प्रमुख के रूप में गुतारेस की सेवाओं की सराहना की थी। गुतारेस का महासचिव के रूप में कार्यकाल दिसंबर में समाप्त होने वाला है।