Jharkhand Governor, Chief Minister greet people on Birsa Munda's birth anniversary and State Foundation Day
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आदिवासी नेता बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और राज्य के स्थापना दिवस की रजत जयंती पर शनिवार को लोगों को बधाई दी।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने रांची के कोकर और बिरसा चौक स्थित आदिवासी महापुरुष की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
उन्होंने झारखंड के खूंटी जिले के उलिहातु में बिरसा मुंडा के गांव का भी दौरा किया, जहां उन्होंने आदिवासी नायक की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
गंगवार ने आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा के संघर्ष को याद करते हुए कहा कि वह सभी के लिए प्रेरणा स्रोत रहे हैं।
राज्यपाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मातृभूमि और आदिवासी अस्मिता की रक्षा के लिए भगवान बिरसा मुंडा ने युवावस्था में जो असाधारण संघर्ष किया, वह सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। सभी देशवासियों को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ की हार्दिक शुभकामनाएं।’’
उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘‘धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। साथ ही आप सभी को झारखंड स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। समृद्ध, सशक्त और विकसित झारखंड के निर्माण में हम सभी का सहयोग निरंतर बना रहे।’’
झारखंड के 25वें स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए गंगवार ने कहा, ‘‘झारखंड आज अपनी स्थापना के 25 गौरवशाली वर्ष पूरे कर रहा है, जो विभिन्न क्षेत्रों में हमारी प्रेरणादायक प्रगति का प्रतीक है। मैं आप सभी के सुख, समृद्धि और राज्य की निरंतर उन्नति की कामना करता हूं।’’
मुख्यमंत्री ने भी झारखंड के 25वें स्थापना दिवस के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं।