Jharkhand exam agitation: Government cancels 44 recruitment exams, students continue protest
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों के 25 दिनों से जारी आंदोलन के बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाली सरकार ने 2014 से राज्य लोक सेवा आयोग (पीसीएस) और एक आउटसोर्स एजेंसी द्वारा आयोजित 44 परीक्षाओं को रद्द कर दिया है लेकिन इसके बावजूद विरोध-प्रदर्शन थमा नहीं है।
सरकार ने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) परीक्षा भी रद्द कर दी है, जिसके बाद परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों ने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक के बाद इस फैसले की घोषणा की गई थी। इसके बाद मंगलवार देर रात जारी की गई आठ अधिसूचनाओं के माध्यम से इसे औपचारिक रूप दिया गया। इस फैसले के दायरे में कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक, तकनीकी और न्यायिक पदों पर भर्ती के लिए आयोजित परीक्षाएं शामिल हैं।
यहां जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों के आंदोलन का नेतृत्व कर रहे जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच ने कहा कि वह जल्द ही अपने अगले कदम पर फैसला करेगा।
रिफॉर्म मंच के प्रवक्ता पीयूष कुमार सिंह ने कहा कि संगठन सरकार के फैसलों के दायरे और उनके क्रियान्वयन को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार कर रहा है।