आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बृहस्पतिवार को असम की जनता से मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि यह दिन उनके अधिकारों, उनकी गरिमा और उनके भविष्य को निर्धारित करने का दिन है।
सोरेन की झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पार्टी असम की 126 सदस्यीय विधानसभा में 16 सीट पर चुनाव लड़ रही है।
सोरेन ने सोशल मीडिया पर लिखा, "यह संघर्ष सफल होगा... आज असम में लोकतंत्र का पवित्र पर्व मनाया जा रहा है। यह सिर्फ मतदान का दिन नहीं है, बल्कि आपके अधिकारों, आपकी गरिमा और आपके भविष्य को निर्धारित करने का दिन है।"
उन्होंने कहा, "मैं असम की क्रांतिकारी भूमि के शोषित और वंचित वर्गों सहित सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग करें।"
उन्होंने कहा, ‘‘आपका प्रत्येक वोट धनी व्यक्तियों के शासन, झूठ और अन्याय के विरुद्ध एक आवाज है; यह आपके अधिकारों और आपके हिस्से की ताकत है। एकजुट होकर अपने अधिकारों और उज्ज्वल भविष्य के लिए वोट करें। यह संघर्ष अवश्य सफल होगा।”
इन चुनावों में 2.5 करोड़ मतदाता 722 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। असम विधानसभा चुनाव के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ।