प्रधानमंत्री ने मतदाताओं से बंगाल से ‘निर्मम’ तृणमूल कांग्रेस सरकार को हटाने की अपील की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 09-04-2026
The Prime Minister appealed to the voters to remove the 'ruthless' Trinamool Congress government from Bengal.
The Prime Minister appealed to the voters to remove the 'ruthless' Trinamool Congress government from Bengal.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी सरकार पर कुशासन का आरोप लगाते हुए उसकी कड़ी आलोचना की और आगामी विधानसभा चुनाव में मतदाताओं से तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से बेदखल करने की अपील की।
 
विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी का गढ़ माने जाने वाले हल्दिया में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि राज्य में सत्तारूढ़ दल ‘‘बंगाल को पीछे धकेल रहा है’’।
 
उन्होंने दावा किया, ‘‘देश प्रगति के पथ पर अग्रसर है, जबकि तृणमूल कांग्रेस की ‘निर्मम सरकार’ बंगाल को पीछे धकेल रही है। ‘विकसित बंगाल’ की स्थापना के लिए यह जरूरी है कि पार्टी को सत्ता से हटाया जाए।’’
 
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ‘‘तृणमूल कांग्रेस ने बंगाल के युवाओं को दोहरा धोखा दिया। उसने निजी क्षेत्र और निवेश की संभावनाओं का नामोनिशान मिटा दिया है और सरकारी भर्तियों में तृणमूल के मंत्रियों ने लूट मचाई है तथा युवाओं के सपनों को कुचला है।
 
औद्योगिक केंद्र में मोदी ने कहा, ‘‘निवेश भय के माहौल में नहीं, बल्कि उस भरोसे के माहौल में आता है जो भाजपा बंगाल में लाएगी।’’
 
उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर ‘‘अपने वोट बैंक को सुरक्षित करने के लिए धर्म के आधार पर आरक्षण की नीति’’ अपनाने का आरोप लगाया।
 
प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा, ‘‘खराब मौसम के बावजूद हल्दिया रैली में लोगों की भारी उपस्थिति बंगाल में बदलाव का संकेत है। यह तृणमूल कांग्रेस के सत्ता से बाहर होने का संकेत है।’’