जम्मू-कश्मीर: राजौरी में बीमार किशोरी को ले जा रही गाड़ी कीचड़ में फंसी, रास्ते में दम तोड़ा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 08-08-2026
Jammu and Kashmir: Vehicle carrying sick teenager gets stuck in mud in Rajouri, dies on the way
Jammu and Kashmir: Vehicle carrying sick teenager gets stuck in mud in Rajouri, dies on the way

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में बीमार किशोरी ले जा रही गाड़ी सड़क पर घंटों तक कीचड़ में फंसी रही और इस दौरान हालत बिगड़ने के कारण अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद जिला प्रशासन ने एक सरकारी अधिकारी को निलंबित कर दिया और मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
 
हाल के दिनों में क्षेत्र में हुई भारी बारिश के कारण भूस्खलन से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क की देखरेख के लिए जिम्मेदार अधिकारी ने कथित तौर पर प्रशासन को सूचित किया था कि सड़क बहाल कर दी गई है तथा आवागमन के लिए खुली है।
 
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को दूरस्थ गांव मेथ्यानी निवासी 17 वर्षीय एक किशोरी गंभीर रूप से बीमार हो गई। उसे राजौरी स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा था, तभी चक मेथ्यानी के पास उसका वाहन लगभग तीन घंटे तक कीचड़ में फंसा रहा।
 
कड़ी मशक्कत के बाद स्वयंसेवियों ने वाहन को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल ले जाते समय किशोरी की हालत बिगड़ गई और रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
 
क्षेत्र के दूरदराज के कई गांवों को जोड़ने वाला एकमात्र चक मेथ्यानी-पंगलर-कोटचरवाल मार्ग पिछले वर्ष मानसून के दौरान मेथ्यानी के पास बह गया था। बाद में इसकी अस्थायी रूप से मरम्मत कर इसे बहाल किया गया था।
 
करीब दो सप्ताह पहले इसी हिस्से में फिर भूस्खलन हुआ, जिससे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत बनी यह सड़क क्षतिग्रस्त हो गई।
 
किशोरी की मौत की घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया है। उन्होंने पीएमजीएसवाई के अधिकारियों पर बार-बार गुहार लगाने के बावजूद इस महत्वपूर्ण सड़क की मरम्मत करने में घोर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
 
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला और गरमा गया।