जयशंकर ने राष्ट्रमंडल देशों से ‘जोखिम कम करने और विविधता लाने’ का किया आह्वान

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 05-11-2026
Jaishankar calls on Commonwealth countries to 'de-risk and diversify'
Jaishankar calls on Commonwealth countries to 'de-risk and diversify'

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने राष्ट्रमंडल देशों के बीच स्थानीय स्तर पर वस्तुओं के वितरण और आपसी व्यापार को बढ़ावा देने की जरूरत पर जोर देते हुए सदस्य देशों से आपूर्ति के मौजूदा स्रोतों पर निर्भरता घटाने और नए विकल्प तलाशने का आह्वान किया है।

जयशंकर राष्ट्रमंडल शासनाध्यक्षों की बैठक (सीएचओजीएम) में हिस्सा लेने के लिए मंगलवार को एंटीगुआ एवं बारबुडा के सेंट जॉन्स पहुंचे।
 
राष्ट्रमंडल शासनाध्यक्षों और व्यापारिक नेताओं की बैठक में शामिल होने के बाद जयशंकर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा, ‘‘राष्ट्रमंडल के साझेदार देशों को (आपूर्ति के स्रोतों को लेकर) जोखिम कम करने और विविधता लाने की जरूरत है। इसके लिए छोटी और भरोसेमंद आपूर्ति शृंखलाएं आवश्यक हैं।’’
 
जयशंकर ने कहा कि राष्ट्रमंडल के साझेदार देशों को स्थानीय स्तर पर वस्तुओं के वितरण को मजबूत करने के लिए और अधिक प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि बेहतर संपर्क मार्ग व्यापार को बढ़ावा देने में मददगार साबित होते हैं।
 
उन्होंने कहा, ‘‘प्रशिक्षण और दक्षता विकास को बढ़ावा दिया जाना चाहिए, क्योंकि इससे साझेदार देशों को अधिक विकल्प मिलते हैं।’’