आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के अध्यक्ष उदय भानु चिब के पिता ने शनिवार को अपने बेटे को जमानत दिए जाने के लिए न्यायपालिका को धन्यवाद दिया और कहा कि इससे न्यायिक व्यवस्था में उनका भरोसा और मजबूत हुआ है।
दिल्ली की एक अदालत ने शनिवार को चिब को जमानत दे दी, जिन्हें ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ में हुए विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था।
चार दिन की पुलिस हिरासत समाप्त होने के बाद चिब को रात करीब एक बजे ड्यूटी मजिस्ट्रेट वंशिका मेहता के सामने पेश किया गया।
दिल्ली पुलिस ने मजिस्ट्रेट से चिब की हिरासत सात दिन और बढ़ाने का अनुरोध किया, हालांकि, अदालत ने यह आग्रह ठुकरा दिया और उसे जमानत दे दी।
चिब के पिता हरि सिंह ने न्यायपालिका को धन्यवाद देते हुए कहा, ‘‘मैं न्यायपालिका का तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं। अगर कहीं से न्याय मिल सकता है, तो वह न्यायपालिका ही है।’’
हरि सिंह भी कांग्रेस पार्टी के सदस्य हैं।
सिंह ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने उनके बेटे के खिलाफ आतंकवाद और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों से संबंधित धाराओं सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं।