IT, ED action against me and cabinet colleagues is being used to pressure Modi government: Priyanka
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियंक खरगे ने सोमवार को आरोप लगाया कि एक केंद्रीय मंत्री उन पर और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों के खिलाफ आयकर विभाग (आईटी) एवं प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई कराने के लिए केंद्र सरकार पर दबाव बना रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री का नाम लिये बिना खरगे ने कहा कि वह कर्नाटक लोक सेवा आयोग (केपीएससी) की भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जारी जांच का इस्तेमाल उनके और राज्य के अन्य मंत्रियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने के लिए ‘राजनीतिक ढाल’ के रूप में कर रहे हैं।
खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दिल्ली में चर्चा है कि एक केंद्रीय मंत्री केपीएससी जांच को राजनीतिक ढाल बनाकर मेरे और मेरे मंत्रिमंडल के सहयोगियों के खिलाफ आयकर विभाग और ईडी का दुरुपयोग करने के लिए मोदी सरकार पर लगातार दबाव बना रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आरएसएस में हाल ही में शामिल हुए ग्रुप डी के एक नए सदस्य भी कथित तौर पर ईडी का इस्तेमाल करके सभी आरोपियों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि वे केपीएससी भर्ती मामले में कांग्रेस नेताओं और मेरा नाम झूठे तौर पर ले सकें।’’
खरगे ने कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि बेहद मेहनती माननीय मंत्री अकेले राजनीतिक संकट में नहीं पड़ना चाहते। वह अपनी हताशा में अपने गठबंधन सहयोगियों को भी अपने साथ डुबोने पर तुले हुए हैं।’’