Industrial development and investment will have to be promoted: Rajasthan Governor Bagde
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने मंगलवार को कहा कि औद्योगिक विकास के लिए आधुनिक तकनीक और निवेश को बढ़ावा देना आवश्यक है।
राज्यपाल कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराणा में ‘राइजिंग नीमराणा’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। राज्यपाल ने औद्योगिक विकास, निवेश विस्तार, भारत-जापान सहयोग तथा देश की आर्थिक प्रगति के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार व्यक्त किए।
आधिकारिक बयान के अनुसार बागडे ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार औद्योगिक विकास और निवेश संवर्धन को गति देने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में आधुनिक विनिर्माण तकनीकों को प्रोत्साहित करने तथा निवेश संबंधी योजनाओं को धरातल पर लागू करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नीमराणा निरंतर औद्योगिक क्षेत्र में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है और वैश्विक औद्योगिक परिदृश्य में महत्वपूर्ण स्थान की ओर अग्रसर है।
राज्यपाल ने भारत-जापान आर्थिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि जापान समर्थित उद्योगों एवं निवेश को बढ़ावा देने, औद्योगिक साझेदारी को विस्तार देने तथा उत्पादों के आयात-निर्यात को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। आधुनिक तकनीक, निवेश और पारस्परिक सहयोग के माध्यम से औद्योगिक क्षेत्र में नई संभावनाओं का सृजन किया जा सकता है।
बागडे ने भारत और जापान के ऐतिहासिक संबंधों तथा दोनों देशों की संघर्ष और विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए आर्थिक प्रगति, तकनीकी नवाचार और औद्योगिक विस्तार में आपसी सहयोग के महत्व पर प्रकाश डाला।