नई दिल्ली
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक विश्व कप जीत पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को कहा कि टीम के साहस, धैर्य और शालीनता ने न केवल भारत को गौरवान्वित किया है, बल्कि देशभर की अनगिनत लड़कियों को निडर होकर अपने सपनों का पीछा करने की प्रेरणा दी है।
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने रविवार को इतिहास रचते हुए एकदिवसीय विश्व कप फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर अपनी पहली आईसीसी ट्रॉफी जीती।
राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया,“यह गर्व का क्षण है! हमारी महिला खिलाड़ियों ने इतिहास रच दिया है और करोड़ों दिलों को जीत लिया। आपके साहस, धैर्य और शालीनता ने भारत को गौरवान्वित किया है और अनगिनत लड़कियों को निडर होकर सपने देखने के लिए प्रेरित किया है।”
इस बीच, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी भारतीय टीम की ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी।
चौहान ने ‘एक्स’ पर लिखा,“हमारी बेटियां चैंपियन हैं — उन्होंने दिल भी जीता है और दुनिया भी। यह जीत इस बात की गवाह है कि भारत की बेटियों की उड़ान अब आसमान से भी ऊंची है। दक्षिण अफ्रीका को हराकर भारत महिला क्रिकेट में भी विश्व विजेता बन गया है। देशवासियों और हमारी बेटियों को हार्दिक बधाई।”
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपनी पोस्ट में कहा,“बेटियों ने लहराया भारत का परचम। आईसीसी महिला विश्व कप 2025 भारत के नाम कर मां भारती को गौरवान्वित करने वाली सभी महिला खिलाड़ियों को हार्दिक अभिनंदन। यह विजय नए भारत की नारी शक्ति की नई उड़ान है।”
इस ऐतिहासिक जीत ने न केवल भारतीय खेल इतिहास में नया अध्याय जोड़ा है, बल्कि देश की बेटियों के लिए यह संदेश भी दिया है कि सपनों को साकार करने के लिए हौसला और मेहनत ही सबसे बड़ा हथियार है।






.png)