रियाद।
सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमलों में एक भारतीय नागरिक मोहम्मद यूसुफ की मौत हो गई है। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने यूसुफ की मौत की पुष्टि की है। इस बीच, अल-जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, एयरपोर्ट पर हुए एक अन्य ताजा हमले में एक पाकिस्तानी नागरिक की भी जान चली गई है।
रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी कर भारतीय नागरिकों की स्थिति की जानकारी दी है। दूतावास के मुताबिक, उसके अधिकारियों ने उन सभी अस्पतालों का दौरा किया है, जहां हमले में घायल भारतीयों को भर्ती कराया गया था। अधिकारियों ने घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के साथ ही उनके इलाज की व्यवस्था का भी जायजा लिया।
दूतावास ने बताया कि एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है। तीन भारतीय नागरिक गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में हैं, लेकिन उनकी हालत स्थिर है। दो अन्य घायल सामान्य वार्ड में भर्ती हैं, जबकि बाकी घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। दूतावास ने घायलों के इलाज में सहयोग के लिए सऊदी अधिकारियों का आभार जताया और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
ओवैसी ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि मृतक मोहम्मद यूसुफ हैदराबाद के मेहदीपत्तनम के रहने वाले थे। उनके परिवार के कई सदस्य भी हमले में घायल हुए हैं। ओवैसी के अनुसार, यूसुफ के एक बेटे के घुटने की सर्जरी की जा रही है, जबकि दूसरे बेटे के पैर की तीन उंगलियां कट गई हैं। उनकी पत्नी और बेटी सुरक्षित हैं। परिवार के साथ मौजूद उनकी चाची के सिर में चोट आई है, लेकिन उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
ओवैसी ने कहा कि वह रियाद में यूसुफ के रिश्तेदारों के संपर्क में हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की अपील भी की।
अल-जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, सऊदी अरब के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने रविवार को रियाद एयरपोर्ट पर हुए एक अन्य हमले में एक पाकिस्तानी नागरिक की मौत और 11 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। अधिकारियों के मुताबिक, हमले में संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा है, जिसका आकलन किया जा रहा है। इससे पहले सऊदी अधिकारियों ने बताया था कि दो यात्री टर्मिनलों पर एक प्रोजेक्टाइल गिरने से आग लग गई थी।
गौरतलब है कि इससे पहले हुए हमले में कम से कम 12 लोगों की मौत और 300 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर आई थी। शुरुआती रिपोर्टों में चार बांग्लादेशी नागरिकों के मारे जाने की भी जानकारी दी गई थी। उस हमले में 11 भारतीय नागरिकों के घायल होने की सूचना भारतीय दूतावास ने दी थी।
यमन के हूती विद्रोहियों ने दोनों हमलों की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि