आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
बिहार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) पर लोगों, विशेषकर युवाओं को गुमराह करने और अपना राजनीतिक हित साधने के लिए कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
राष्ट्रीय राजधानी में ट्रेन और मेट्रो सेवाएं निलंबित करने तथा अन्य सुरक्षा उपायों का बचाव करते हुए यादव ने कहा कि सरकार ने लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ये कदम उठाए हैं।
उन्होंने कहा, "उन्हें देश या किसी खास मुद्दे की कोई चिंता नहीं है। वे सिर्फ अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को आगे बढ़ाने और अपने गैर-पंजीकृत संगठन को स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं।"
यादव ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल भी लोगों को गुमराह करने के लिए कॉजपा का इस्तेमाल एक मोहरे के तौर पर कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, "हर हाल में कानून-व्यवस्था बनी रहनी चाहिए। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए ये पाबंदियां एक उचित कदम हैं।"
वहीं, बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने इस आरोप को खारिज किया कि सरकार डर के कारण ऐसे कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि ये कदम आंतरिक सुरक्षा चिंताओं को लेकर सतर्कता दिखाते हैं।