भारतीय-अमेरिकी श्रेय पारिख ने जीती ‘स्क्रिप्स नेशनल स्पेलिंग बी’ प्रतियोगिता

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 29-05-2026
Indian-American Shrey Parikh wins Scripps National Spelling Bee
Indian-American Shrey Parikh wins Scripps National Spelling Bee

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 भारतीय-अमेरिकी छात्र श्रेय पारिख ने 90 सेकंड में 35 में से 32 शब्दों की सही-सही वर्तनी बताकर शुक्रवार को ‘स्क्रिप्स नेशनल स्पेलिंग बी’ प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया।

कैलिफोर्निया निवासी एवं ‘डे क्रीक इंटरमीडिएट स्कूल’ के आठवीं कक्षा के छात्र श्रेय पारिख ने 90 सेकंड के ‘स्पेल-ऑफ’ दौर में ‘ब्रोमोक्रिप्टीन’ शब्द की सही वर्तनी बताकर 12 वर्षीय छात्र ईशान गुप्ता को मात दी जो न्यू जर्सी के जर्सी सिटी स्थित ‘फ्रैंक आर कॉनवेल मिडिल स्कूल’ के सातवीं कक्षा के छात्र हैं।
 
जॉर्जिया के टकर स्थित ‘पीचट्री चार्टर मिडिल स्कूल’ के 12 वर्षीय सर्व धारवने ने प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया।
 
ईशान को 25,000 अमेरिकी डॉलर, जबकि सर्व को 15,000 अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि दी गई।
 
श्रेय ने वर्ष 2024 में ब्रुहत सोमा द्वारा बनाए गए ‘स्पेल-ऑफ’ रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया। सोमा ने उस वर्ष ‘स्पेल-ऑफ’ दौर में 30 में से 29 शब्दों की सही वर्तनी बताई थी।
 
प्रतियोगिता जीतने के बाद श्रेय ने कहा, ‘‘तेजी से वर्तनी बताना तो एक तरह से मेरे लिए रोजाना का काम है।’’
 
श्रेय वर्ष 2024 में भी इस प्रतियोगिता के अंतिम मुकाबले तक पहुंचे थे। इस बार खिताब जीतने पर उन्हें पुरस्कार स्वरूप 50,000 डॉलर, एक पदक और ‘स्क्रिप्स कप’ प्रदान किया गया। इसके अलावा ‘मेरियम-वेबस्टर’ की ओर से 2,500 डॉलर, ‘डेल्टा एयरलाइंस’ का 1,000 डॉलर का यात्रा क्रेडिट तथा ‘एनसाइक्लोपीडिया ब्रिटानिका’ की ओर से 400 डॉलर मूल्य की पुस्तकें भी दी गईं।