पाकिस्तान पर जीत का सिलसिला कायम रखकर दूसरे दौर में पहुंचने के इरादे से उतरेगा भारत

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 18-08-2026
India will aim to continue their winning streak against Pakistan and reach the second round.
India will aim to continue their winning streak against Pakistan and reach the second round.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
पिछले एक दशक से पाकिस्तान से नहीं हारी भारतीय टीम को एफआईएच विश्व कप के दूसरे दौर में प्रवेश के लिये अपने डिफेंस को दुरूस्त करते हुए बुधवार को होने वाले मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वी को हराना होगा या कम से कम ड्रॉ खेलना होगा ।

पहले मैच में वेल्स को 3-1 से हराने के बाद दुनिया की तीसरे नंबर की टीम इंग्लैंड के खिलाफ भारत को डिफेंस की गलतियों का खामियाजा भुगतना पड़ा । पहले हाफ में बढत बनाने के बावजूद आखिरी दो क्वार्टर में लचर डिफेंस के कारण भारत को 2 -4 से पराजय झेलनी पड़ी ।
 
अब पूल डी में इंग्लैंड दोनों मैच लेकर शीर्ष पर रहकर दूसरे दौर में पहुंच चुका है । वहीं भारत के एक जीत और एक हार के बाद तीन अंक है जबकि इंग्लैंड से 1 -4 से हारने और वेल्स से 3-3 से ड्रॉ के बाद पाकिस्तान एक अंक लेकर तीसरे और वेल्स एक हार , एक ड्रॉ के साथ एक अंक लेकर चौथे स्थान पर है । पाकिस्तान अगर हारता है तो बाहर हो जायेगा जबकि वेल्स को अगले दौर में जाने के लिये इंग्लैंड को काफी बड़े अंतर से हराना होगा क्योंकि भारत का गोल औसत उससे बेहतर है ।
 
अगर भारत दूसरे दौर में जाता है तो इस पूल से उसके कोई अंक आगे नहीं जायेंगे जबकि भारत को हराने के कारण इंग्लैंड तीन अंक लेकर जायेगा ।
 
आठ बार की ओलंपिक चैम्पियन भारत और चार बार की विश्व कप विजेता पाकिस्तान के बीच भले ही मैदानी प्रतिद्वंद्विता का गौरवशाली इतिहास रहा हो लेकिन एशियाई दिग्गजों के बीच पिछले लगभग सभी मुकाबले बेमेल रहने से वह रोमांच खत्म हो गया है ।