भारतीय श्रृंखला की तारीखों में बदलाव हो सकता है, इस साल बीपीएल होने की संभावना कम: तमीम

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 21-08-2026
India series dates may change, BPL unlikely this year: Tamim
India series dates may change, BPL unlikely this year: Tamim

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली


 
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने कहा है कि भारत के खिलाफ बहुप्रतीक्षित घरेलू श्रृंखला की तारीखें ‘आगे-पीछे हो सकती हैं’ क्योंकि बोर्ड अपने कैलेंडर में बदलाव कर रहा है, जिसमें भारी वित्तीय नुकसान के कारण इस वर्ष बांग्लादेश प्रीमियर लीग (टी20 का प्रमुख टूर्नामेंट) के शामिल होने की संभावना नहीं है।
 
तमीम ने यहां पत्रकारों से कहा कि बीसीबी 28 अगस्त से नौ सितंबर तक शेर-ए-बांग्ला राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में एक खेल विकास टूर्नामेंट का आयोजन करेगा, जिसमें अंडर-17, अंडर-19 और अंडर-23 श्रेणियों के खिलाड़ी भाग लेंगे।
 
तमीम ने कहा, ‘‘भारत के साथ होने वाली श्रृंखला को लेकर बातचीत चल रही है। इसकी तारीखों में बदलाव हो सकता है।’’
 
क्रिकबज के अनुसार उन्होंने कहा, ‘‘पूर्व कार्यक्रम के अनुसार यह श्रृंखला मीरपुर में होनी है लेकिन जरूरत पड़ने पर इसे बसुंधरा मैदान (ढाका) में भी स्थानांतरित किया जा सकता है। भारत के साथ श्रृंखला तय होने के बाद हम उसके अनुसार अपना कार्यक्रम तैयार करेंगे।’’
 
भारत ने पहले ही अफगानिस्तान के खिलाफ 13 से 17 सितंबर तक नयी दिल्ली में तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला निर्धारित कर ली है। इससे सितंबर में भारत-बांग्लादेश श्रृंखला की संभावना लगभग खत्म हो गई है। पिछले साल बांग्लादेश में अशांति के कारण यह श्रृंखला स्थगित कर दी गई थी।