India questions UN Secretary-General nominee Bachelet on goals of Security Council reform
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार और ‘ग्लोबल साउथ’ के विकास लक्ष्यों का मुद्दा उठाते हुए चिली की पूर्व राष्ट्रपति तथा संयुक्त राष्ट्र महासचिव पद की उम्मीदवार मिशेल बाचेलेत से पूछा कि अगर वह इस वैश्विक संगठन के नेतृत्व के लिए चुनी जाती हैं तो इन मुद्दों पर उनकी क्या योजना होगी।
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त रह चुकी बाचेलेत संयुक्त राष्ट्र के अगले महासचिव पद की दौड़ में शामिल चार उम्मीदवारों में से एक हैं।
वर्तमान संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुतारेस 31 दिसंबर को अपना कार्यकाल पूरा करेंगे। उन्होंने लगातार दो पांच वर्षीय कार्यकाल तक दुनिया के शीर्ष राजनयिक के रूप में सेवा दी है।
मंगलवार को यहां तीन घंटे चले संवाद सत्र में बाचेलेत से सदस्य देशों और सिविल सोसायटी ने अगले महासचिव पद को लेकर उनकी सोच के बारे में तथा यह पूछा कि वह इस पद के लिए सबसे उपयुक्त उम्मीदवार क्यों हैं।
विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) राजदूत सिबी जॉर्ज ने संवाद के दौरान कहा, ‘‘संयुक्त राष्ट्र का नौवां दशक नेतृत्व और आशा का होना चाहिए। सदस्य देशों के सामने अपनी दृष्टि और कार्ययोजना रखने के आपके प्रयासों की हम सराहना करते हैं।’’
भारत ने दो मुद्दे उठाए और उन पर बाचेलेत का दृष्टिकोण जानना चाहा।
जॉर्ज ने कहा, ‘‘यह स्पष्ट है कि आज संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की संरचना एक अलग युग की वास्तविकताओं को दर्शाती है। आपके दृष्टिपत्र में संयुक्त राष्ट्र में जारी सुधारों को बनाए रखने और आगे बढ़ाने की बात कही गई है। कृपया बताएं कि इस उद्देश्य को हासिल करने के लिए आप कौन से कदम उठाएंगी।’’