आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारत ने बृहस्पतिवार को सऊदी अरब के दो हवाई अड्डों पर हाल ही में हुए हमलों की कड़ी निंदा की और कहा कि आम नागरिकों से जुड़े प्रतिष्ठानों को निशाना बनाना पूरी तरह से ‘‘अस्वीकार्य’’ है।
सऊदी अरब के अधिकारियों ने बताया कि पिछले दो दिनों में अभा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और किंग खालिद हवाई अड्डे पर कथित तौर पर हुती उग्रवादियों द्वारा किए गए हमलों में तीन लोग मारे गए हैं।
विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘भारत पिछले कुछ दिनों में अभा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और किंग खालिद हवाई अड्डे को निशाना बनाकर किए गए हमलों की निंदा करता है, जिनमें आम नागरिक मारे गए और घायल हुए।’’
बयान में कहा गया, ‘‘आम नागरिकों के लिए जरूरी बुनियादी ढांचों को निशाना बनाना पूरी तरह से अस्वीकार्य है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके परिवारों के प्रति हम गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।’’
भारत ने घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की।
विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘हम सऊदी अरब के लोगों और सरकार के साथ एकजुटता दिखाते हुए उनके साथ खड़े हैं।’’
सऊदी अरब के नागरिक उड्डयन मामलों के प्राधिकरण ने बताया कि अभा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में दो लोगों की मौत हो गई और 28 अन्य घायल हो गए।