वेटिकन सिटी थीम वाले पंडाल में ईसा मसीह की जगह भगवान कृष्ण की तस्वीर लगाई गई

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 27-09-2025
In the Vatican City themed pavilion, a picture of Lord Krishna was displayed instead of a picture of Jesus Christ.
In the Vatican City themed pavilion, a picture of Lord Krishna was displayed instead of a picture of Jesus Christ.

 

रांची

रांची में रोमन कैथोलिक चर्च के प्रमुख केंद्र 'वेटिकन सिटी' की थीम पर दुर्गा पूजा पंडाल बनाने वाली एक समिति के आयोजकों ने शुक्रवार को पंडाल के अंदर से ईसा मसीह की तस्वीर हटाकर उनकी जगह भगवान कृष्ण की तस्वीर लगा दी।

यह बदलाव विश्व हिंदू परिषद (विहिप) द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के एक दिन बाद किया गया। विहिप ने दावा किया था कि इस तरह के पंडाल को "हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने" और धर्मांतरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बनाया गया है।

रातु रोड स्थित पूजा आयोजक आर आर स्पोर्टिंग क्लब ने पहले इन आरोपों को खारिज कर दिया था।हालांकि, शुक्रवार को क्लब के संरक्षक विक्की यादव ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि पूजा समिति के सदस्यों की बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया कि पंडाल के अंदर ईसा मसीह की जगह भगवान कृष्ण की तस्वीर लगाई जाएगी।

यादव ने स्पष्ट किया, "यह किसी विशेष वर्ग के विरोध के कारण नहीं, बल्कि हमारी समिति के सदस्यों द्वारा सभी धर्मों को एक ही मंच पर दिखाने के लिए किया गया था।" उन्होंने यह भी बताया कि पंडाल के बाहर लगी यूरोपीय शैली की मूर्तियों को यथावत रखा गया है।

यादव ने जोर देकर कहा कि इस डिजाइन का उद्देश्य शांति और भाईचारे को बढ़ावा देना है, न कि समाज में विभाजन पैदा करना।इससे पहले, विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने बृहस्पतिवार को 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर वेटिकन सिटी की थीम पर बने इस दुर्गा पूजा पंडाल पर अपनी आपत्ति व्यक्त की थी।