गोवा से सटे क्षेत्रों में कृषि भूमि की अवैध खरीद की जांच होगी : महाराष्ट्र के मंत्री

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 05-08-2026
Illegal purchase of agricultural land in areas bordering Goa will be investigated: Maharashtra minister
Illegal purchase of agricultural land in areas bordering Goa will be investigated: Maharashtra minister

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली


 महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार उन शिकायतों की जांच कराएगी, जिनमें आरोप लगाया गया है कि दूसरे राज्यों के लोगों ने खुद को किसान बताकर गोवा से सटे क्षेत्रों में अवैध रूप से कृषि भूमि खरीदी है।
 
शिकायतों के अनुसार, गोवा से सटे महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले की सावंतवाड़ी और दोडामार्ग तहसीलों में राज्य के बाहर के लोगों ने खुद को किसान बताकर अवैध रूप से कृषि भूमि खरीदी है।
 
बावनकुले ने गोवा के मोपा स्थित मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा कि वह पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र का दौरा कर रहे थे और इस दौरान उन्हें कथित अवैध भूमि सौदों से जुड़ी शिकायतें मिलीं।
 
हाल में महाराष्ट्र के ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरि और सिंधुदुर्ग जिलों का दौरा करने वाले मंत्री ने कहा, ‘‘महाराष्ट्र के भूमि कानूनों की धारा 63 के तहत केवल किसान को ही कृषि भूमि खरीदने की अनुमति है। गैर-किसान कृषि भूमि नहीं खरीद सकता।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘शिकायत है कि राज्य के बाहर के लोगों ने खुद को किसान बताकर किसानों की जमीन खरीदी है। हम मामले की विस्तृत जांच कराएंगे।’’