सूर्यवंशी लंबे प्रारूप में सफल होता है तो टेस्ट क्रिकेट में नई जान फूंक सकता है: श्रीकांत

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 19-06-2026
If Suryavanshi succeeds in the longer format, he can breathe new life into Test cricket: Srikkanth
If Suryavanshi succeeds in the longer format, he can breathe new life into Test cricket: Srikkanth

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 भारत के पूर्व कप्तान कृष्णमाचारी श्रीकांत ने कहा कि अगर युवा स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी सबसे लंबे प्रारूप में अपनी क्षमता के मुताबिक खेलते हैं तो टेस्ट क्रिकेट में नई जान फूंक सकते हैं। उन्होंने साथ ही प्रशंसकों और विशेषज्ञों से इस युवा खिलाड़ी के प्रदर्शन का बहुत अधिक विश्लेषण नहीं करने की अपील की।
 
आईपीएल में अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय टी20 टीम में जगह मिली है। इस युवा खिलाड़ी को आयरलैंड और इंग्लैंड के सात मैच के दौरे के लिए चुना गया है। इस दौरे में आयरलैंड के खिलाफ दो और इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैच खेले जाएंगे जिनकी शुरुआत 26 जून को बेलफास्ट में होगी।
 
श्रीकांत ने कहा कि 15 साल के इस खिलाड़ी में दर्शकों को आकर्षित करने की अनोखी क्षमता है और उन्हें उम्मीदों का बोझ डाले बिना स्वाभाविक रूप से आगे बढ़ने देना चाहिए।
 
श्रीकांत ने बृहस्पतिवार को यहां अपने घर पर पीटीआई से कहा, ‘‘वैभव सूर्यवंशी के बारे में मुझे जो बात पसंद है वह यह है कि उसमें रन बनाने और दबदबा बनाने की जबरदस्त इच्छाशक्ति है। साथ ही वह क्रीज पर टिककर भी खेल सकता है।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘अगर वह टी20 क्रिकेट से आगे बढ़कर एकदिवसीय और फिर टेस्ट क्रिकेट तक पहुंचता है और अगर वह टेस्ट क्रिकेट में सफल होता है- जो कि वह होगा ही- तो मुझे यकीन है कि आप टेस्ट क्रिकेट में नई जान आते हुए देखेंगे।’’
 
श्रीकांत ने कहा, ‘‘आज आपको ऐसे ही क्रिकेटर की जरूरत है। लोग सिर्फ सूर्यवंशी को देखने के लिए टीवी चालू करते हैं। मैं भी सूर्यवंशी को देखने के लिए टीवी चालू करता हूं। उसने अपने आस-पास ऐसा ही माहौल बनाया है। और वह वाकई कमाल का खिलाड़ी है।’’