पूर्वोत्तर क्षेत्र सतत कृषि के दम पर देश का अगला विकास इंजन बन सकता है: सीतारमण

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 19-06-2026
 the country on the back of sustainable agriculture: Sitharaman
the country on the back of sustainable agriculture: Sitharaman

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र अपनी सतत कृषि एवं जैविक उत्पादों की ताकत का उपयोग करके भारत का अगला विकास इंजन बनने की क्षमता रखता है।

उन्होंने कहा कि मेघालय वैश्विक बाजारों में अपने भरोसे के कारण इस क्षेत्र का नेतृत्व करने की विशेष स्थिति में है।
 
ईस्टर्न री-भोई ऑर्गेनिक फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड द्वारा पूर्वोत्तर भारत में स्थापित सबसे बड़े जैविक मसाला प्रसंस्करण संयंत्र का यहां उद्घाटन करते हुए निर्मला सीतारमण ने कहा, ‘‘ कृषि का भविष्य अब केवल अधिक उत्पादन करने वालों तक सीमित नहीं है, बल्कि बेहतर, स्वच्छ, भरोसेमंद और प्रीमियम गुणवत्ता वाले उत्पाद देने वालों के हाथों में है।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘ जब मेघालय के किसान आगे बढ़ेंगे, तो पूरा पूर्वोत्तर आगे बढ़ेगा। जब पूर्वोत्तर आगे बढ़ेगा, तो भारत की विकास यात्रा को एक नया इंजन मिलेगा।’’
 
वित्त मंत्री ने कहा, ‘‘ दुनिया ऐसे युग में प्रवेश कर रही है जहां भरोसा एक महत्वपूर्ण मूल्य बन गया है। मेघालय इस भविष्य के लिए विशेष रूप से उपयुक्त स्थिति में है क्योंकि उसके पास वह भरोसा है जो प्रकृति, समुदाय एवं पीढ़ियों से चले आ रहे परिवेशी ज्ञान में निहित है।’’
 
सीतारमण ने कहा कि राज्य की मसाले से जुड़ी आर्थिक गतिविधियां बढ़ना इस बात का प्रमाण है कि ‘‘ आर्थिक वृद्धि और पर्यावरणीय संरक्षण साथ-साथ आगे बढ़ सकते हैं’’ और विकास प्रकृति की कीमत पर नहीं होना चाहिए।