यूसीसी के विषय पर गृह मंत्री से जल्द करूंगा मुलाकात: संजय झा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 14-09-2026
I will soon meet the Home Minister on the issue of UCC: Sanjay Jha
I will soon meet the Home Minister on the issue of UCC: Sanjay Jha

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने सोमवार को कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के मुद्दे पर वह जल्द ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे और इसके बाद पार्टी इस विषय पर अपना रुख तय करेगी।

अमित शाह ने रविवार को कहा था कि भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की 21 राज्यों की सरकारें 2029 से पहले समान नागरिक संहिता लागू करेंगी।
 
झा ने इस विषय पर ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि वह जल्द ही गृह मंत्री से मुलाकात करेंगे और फिर पार्टी अपना रुख तय करेगी।
 
इस बीच, जद (यू) के विधायक श्याम रजक ने कहा कि बिहार में यूसीसी को लागू नहीं होने दिया जाएगा।
 
बिहार में भारतीय जनता पार्टी नीत राजग सरकार में जद(यू) दूसरा सबसे बड़ा घटक है।
 
शाह ने रविवार को मुंबई में संवाददाताओं से कहा था, ‘‘तीन तलाक को समाप्त करके मुस्लिम महिलाओं को समान अधिकार दिए गए हैं। हमने कई राज्यों में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की है और मुझे विश्वास है कि भाजपा-राजग शासित 21 राज्यों में 2029 से पहले यूसीसी लागू कर दिया जाएगा।’’